नाबालिग अपहरण कांड का सनसनीखेज खुलासा, मां ने ही डेढ़ लाख में किया बेटी का सौदा; चार गिरफ्तार

नाबालिग अपहरण कांड का सनसनीखेज खुलासा, मां ने ही डेढ़ लाख में किया बेटी का सौदा; चार गिरफ्तार
Spread the love

देहरादून। थाना राजपुर क्षेत्र में नाबालिग युवती के कथित अपहरण के मामले का दून पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि अपहरण की शिकायत दर्ज कराने वाली पीड़िता की मां ही पूरे षड्यंत्र की मुख्य सूत्रधार थी। आरोप है कि उसने अपनी 15 वर्षीय बेटी का डेढ़ लाख रुपये में सौदा कर दिया और पूरी रकम नहीं मिलने पर अपहरण की झूठी कहानी गढ़कर पुलिस में शिकायत दर्ज करा दी।

पुलिस के अनुसार, 5 जुलाई 2026 को नीलम देवी ने थाना राजपुर में अपनी नाबालिग पुत्री के अपहरण की शिकायत दर्ज कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। मोबाइल सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और मैनुअल पुलिसिंग के आधार पर पुलिस को युवती के उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में होने की जानकारी मिली।

पुलिस टीम ने मुजफ्फरनगर पहुंचकर मनीष और लवी कुमार को गिरफ्तार करते हुए नाबालिग को सकुशल बरामद कर लिया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि पिंकी मलिक के माध्यम से नाबालिग का सौदा उसकी मां नीलम देवी से डेढ़ लाख रुपये में किया गया था। बाद में लवी कुमार ने युवती को विवाह के उद्देश्य से दो लाख रुपये में मनीष को बेच दिया।

जांच में यह भी सामने आया कि सौदे की पूरी रकम न मिलने और अपराध उजागर होने के डर से नीलम देवी ने अपनी बेटी के अपहरण की झूठी कहानी बनाकर पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया। इसके बाद पुलिस ने पिंकी मलिक और नीलम देवी को भी गिरफ्तार कर लिया।
मामले में जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं तथा पॉक्सो अधिनियम की गंभीर धाराएं बढ़ाई गई हैं। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर यह भी जांच कर रही है कि क्या वे पहले भी मानव तस्करी या नाबालिगों की खरीद-फरोख्त जैसे मामलों में शामिल रहे हैं।

इस कार्रवाई को थाना राजपुर पुलिस टीम ने अंजाम दिया, जिसमें थानाध्यक्ष उपनिरीक्षक पी.डी. भट्ट, उपनिरीक्षक अनित कुमार, महिला उपनिरीक्षक सीमा चौहान (विवेचक), कांस्टेबल मोहित, कांस्टेबल अमित तथा हेड कांस्टेबल किरण (एसओजी) शामिल रहे।

देवभूमि खबर

Related articles