एक लाख रुपये की रिश्वत मांगने वाला दिल्ली पुलिस का उपनिरीक्षक 80 हजार रुपये लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

नई दिल्ली। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने रिश्वतखोरी के मामले में दिल्ली पुलिस के प्रशांत विहार थाने में तैनात एक उपनिरीक्षक को 80 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी उपनिरीक्षक मामले में जांच अधिकारी के रूप में तैनात था।
सीबीआई ने शिकायत के आधार पर 4 अक्टूबर 2026 को आरोपी उपनिरीक्षक के खिलाफ मामला दर्ज किया। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि उसके खिलाफ प्रशांत विहार थाने में दर्ज आपराधिक मामले में मदद करने के बदले आरोपी उपनिरीक्षक ने उससे एक लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी।
आरोप है कि आरोपी ने शिकायतकर्ता की तलाशी के दौरान उसकी जेब में मिले 20 हजार रुपये भी दबाव बनाकर ले लिए और शेष 80 हजार रुपये अगले दिन लाने के लिए कहा। शिकायत मिलने के बाद सीबीआई ने 4 अक्टूबर को जाल बिछाया।
सीबीआई की टीम ने आरोपी उपनिरीक्षक को शिकायतकर्ता से 80 हजार रुपये की रिश्वत मांगते और स्वीकार करते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। मामले में आगे की जांच जारी है।
सीबीआई ने भ्रष्टाचार के मामलों की जानकारी रखने वाले नागरिकों से अपील की है कि सरकारी अधिकारियों द्वारा रिश्वत मांगने अथवा भ्रष्टाचार से संबंधित किसी भी मामले की सूचना सीबीआई को दें। शिकायत सीबीआई भ्रष्टाचार निरोधक शाखा, दिल्ली, सीजीओ परिसर, लोधी रोड, नई दिल्ली में दी जा सकती है। इसके अलावा 011-24367887 और मोबाइल नंबर 9650394847 पर भी सूचना दी जा सकती है।


