पश्चिमी यूपी का शातिर नशा तस्कर दून पुलिस की गिरफ्त में

पश्चिमी यूपी का शातिर नशा तस्कर दून पुलिस की गिरफ्त में
Spread the love

देहरादून।“ड्रग्स फ्री देवभूमि 2025” विजन को साकार करने के लिए  जनपद में नशा तस्करों के विरुद्ध लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में दून पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है, जिसमें पश्चिमी उत्तर प्रदेश का कुख्यात नशा तस्कर जकरूद्दीन को बरेली, उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया गया। आरोपी डेढ़ वर्ष से अपनी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदलते हुए फरार चल रहा था, लेकिन दून पुलिस की रणनीतिक कार्यशैली, इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की सक्रियता के चलते आखिरकार वह पुलिस की गिरफ्त में आ गया।

पूर्व में डोईवाला पुलिस ने 18 मई 2024 को कुडकावाला बस्ती से महिला नशा तस्कर ताहिरा खातून को 259 ग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया था। पूछताछ में ताहिरा ने खुलासा किया था कि बरामद स्मैक उसे जकरूद्दीन से प्राप्त हुई थी, जिसके बाद पुलिस ने उसे मुकदमे में नामजद किया था। इसके बाद से ही आरोपी फरार था और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार स्थान बदल रहा था।

एसएसपी देहरादून द्वारा आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीम गठित की गई थी। टीम ने सुरागरसी, पतारसी तथा इलेक्ट्रॉनिक निगरानी के साथ लगातार दबिशें दीं। निरंतर प्रयासों के परिणामस्वरूप 25 नवंबर 2025 को पुलिस टीम ने झुमका चौक, बरेली से आरोपी को धरदबोचा। पूछताछ के दौरान आरोपी ने महिला तस्कर को स्मैक बेचे जाने की बात स्वीकार की तथा अन्य राज्यों में भी कई लोगों को भारी मात्रा में स्मैक बेचने की जानकारी दी। आरोपी द्वारा कुछ अन्य सप्लायर्स और नशा तस्करों से संबंधित जानकारी भी पुलिस को मिली है, जिस पर आगे की कार्रवाई जारी है।

गिरफ्तार आरोपी जकरूद्दीन पुत्र सकरूद्दीन निवासी मजनूपुर कामुवा, जिला बरेली (उ.प्र.) उम्र 45 वर्ष है।

आरोपी को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक रघुवीर कपरवाण, हे0का0 देवेंद्र नेगी, का0 दिनेश रावत और का0 आशीष राठी शामिल रहे।

देवभूमि खबर

Related articles