पंतनगर एयरपोर्ट को अन्तरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित किया जा रहा है — सांसद अजय भट्ट की अध्यक्षता में हवाई अड्डा सलाहकार समिति की बैठक

पंतनगर एयरपोर्ट को अन्तरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित किया जा रहा है — सांसद अजय भट्ट की अध्यक्षता में हवाई अड्डा सलाहकार समिति की बैठक
Spread the love

रूद्रपुर। सांसद एवं अध्यक्ष भारतीय विमानपत्तन हवाई अड्डा सलाहकार समिति पंतनगर अजय भट्ट की अध्यक्षता में बुधवार को जिला सभागार में भारतीय विमानपत्तन हवाई अड्डा सलाहकार समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पंतनगर हवाई अड्डा विकास एवं विस्तारीकरण से संबंधित विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।

सांसद अजय भट्ट ने बताया कि पंतनगर हवाई अड्डा अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित किया जा रहा है। इस परियोजना के तहत 380 करोड़ रुपये की लागत से एअरपोर्ट का विस्तारीकरण कार्य जारी है। उन्होंने सभी कार्यदायी संस्थाओं को पारस्परिक समन्वय के साथ कार्यों को त्वरित गति से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट रिजनल कनेक्टिविटी स्कीम ‘उड़ान’ के अंतर्गत भारत सरकार, उत्तराखण्ड सरकार व विमानपत्तन प्राधिकरण द्वारा संचालित है, इसलिए यात्रियों को अधिकतम सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाएं और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए।

सांसद भट्ट ने कहा कि पंतनगर एयरपोर्ट विस्तारीकरण पूरा होने पर प्रदेश और क्षेत्र में पर्यटकों की संख्या में भारी वृद्धि होगी, जिससे स्थानीय एवं राज्य की अर्थव्यवस्था भी सशक्त होगी।

बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी ने बताया कि एयरपोर्ट विस्तारीकरण के लिए कुल 524.70 एकड़ भूमि एयरपोर्ट प्राधिकरण को आवंटित कर दी गई है। उन्होंने कहा कि टीडीसी, पंतनगर विश्वविद्यालय और सैनिक फर्म से प्राप्त भूमि पर भवनों के ध्वस्तीकरण और पेड़ों की कटान का कार्य किया जा रहा है। एयरपोर्ट परिसर में जंगली जानवरों को हटाने, झाड़ी एवं पेड़ कटान तथा प्रतिबंधित प्रजातियों के चिन्हिकरण का कार्य भी लगातार किया जा रहा है।

पंतनगर हवाई अड्डा निदेशक पवन कुमार ने बताया कि विस्तारीकरण कार्यों के अंतर्गत बाउंड्री निर्माण शुरू हो चुका है और 3000 मीटर का रनवे अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार तैयार किया जा रहा है। नया टर्मिनल, हैंगर, कार्गो, तथा आईएलएस सुविधा विकसित की जाएगी। वर्तमान में भी यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के लिए एटीएम, कार पार्किंग, टैक्सी व रिटेल काउंटर, वाई-फाई, हेल्पडेस्क, प्राथमिक चिकित्सा एवं एम्बुलेंस व्यवस्था उपलब्ध कराई जा रही है।

उन्होंने बताया कि सुरक्षा प्रबंधन हेतु स्वीकृत 75 पदों के सापेक्ष केवल 20 सुरक्षा कर्मी तैनात हैं। इस पर सांसद अजय भट्ट ने डीजीपी को सुरक्षा कर्मियों की तैनाती के लिए पत्र लिखने और स्वयं भी वार्ता करने का आश्वासन दिया।

बैठक में पीडी एनएचएआई ने बताया कि एयरपोर्ट विस्तारीकरण के दायरे में आने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग को शिफ्ट करने का सर्वे पूरा कर लिया गया है तथा टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, और शीघ्र ही कार्य शुरू किया जाएगा। उप जिलाधिकारी ने वर्षा ऋतु के समय एयरपोर्ट परिसर में जलभराव की समस्या से निपटने के लिए सिंचाई विभाग के साथ मिलकर नालों के निरीक्षण और चिन्हिकरण करने की जानकारी दी, जिसके बाद जल्द ही नालों की सफाई और ड्रेनेज निर्माण शुरू होगा।

बैठक में पुलिस अधीक्षक निहारिका तोमर, अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र, नगर आयुक्त शिप्रा जोशी, उप जिलाधिकारी मनीष बिष्ट, डीजीएम एयरपोर्ट अनूप गुप्ता, पीएस बृजवाल, सदस्य हेमन्त कुमार नरूला, शुभम टंडन, लोकेश जोशी, नरेश चन्द्र, विमल लोसाली, सांसद कपिल शर्मा, योगेश वर्मा, पीडी एनएचएआई मेहुल जिंदल, प्रबंधक मीनू सहित कई अधिकारी व सदस्य उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles