गांजा-स्मैक और अवैध शराब के साथ चार गिरफ्तार
देहरादून। जनपद में नशा तस्करी और अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए दून पुलिस का अभियान लगातार जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चलाए गए अभियान के दौरान पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 1 किलो 102 ग्राम गांजा, 9.53 ग्राम स्मैक और 140 टेट्रा पैक अवैध देशी शराब बरामद की गई। शराब तस्करी में प्रयुक्त एक स्कूटी और एक मोटरसाइकिल को भी सीज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, थाना बसंत विहार की टीम ने 25 अक्टूबर को चेकिंग के दौरान मलिक चौक स्थित ट्रांसफार्मर के पास से रोहित छेत्री उर्फ गौतम उर्फ लावरे को 1 किलो 102 ग्राम गांजे के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि जल्दी पैसा कमाने के लालच में वह मादक पदार्थों की तस्करी करने लगा था। वह गांजे को स्थानीय नशे के आदी लोगों को ऊंचे दामों पर बेचकर मुनाफा कमाने की फिराक में था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी स्वयं भी नशे का आदी है।
पुलिस ने बताया कि रोहित छेत्री के खिलाफ विभिन्न थानों में चोरी, नकबजनी, शस्त्र अधिनियम और मादक पदार्थों की तस्करी सहित कुल 16 मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक मामलों में कार्रवाई हो चुकी है।
वहीं, थाना सेलाकुई पुलिस ने 24 अक्टूबर को आकस्मिक चेकिंग के दौरान सारना नदी पुल के पास से नफीस को 9.53 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी पूर्व में भी मादक पदार्थों की तस्करी के मामले में जेल जा चुका है।
इसी क्रम में कोतवाली कैंट पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान महेंद्र ग्राउंड के पास से प्रियांशु को स्कूटी पर 50 टेट्रा पैक अवैध देशी शराब ले जाते हुए गिरफ्तार किया। शराब तस्करी में प्रयुक्त स्कूटी को सीज कर आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
उधर, कोतवाली ऋषिकेश पुलिस ने 24 अक्टूबर को हरिद्वार-ऋषिकेश मार्ग पर श्यामपुर क्षेत्र में चेकिंग के दौरान मोटरसाइकिल सवार रवि कुमार को 90 टेट्रा पैक अवैध देशी शराब के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल को सीज कर दिया है।
एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पुलिस की ओर से नशा तस्करी और अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि ऐसे अपराधों में लिप्त आरोपियों को चिह्नित कर उनके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।


