विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी, इमिग्रेशन एजेंसी संचालक गिरफ्तार

रुद्रपुर। विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी करने के आरोप में ऊधमसिंह नगर पुलिस ने इमिग्रेशन एजेंसी संचालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कार्यालय और संबंधित दस्तावेजों को सील कर दिया है। मामले में आगे की विवेचनात्मक कार्रवाई की जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली ट्रांजिट कैंप पुलिस ने यह कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, 24 अक्टूबर 2026 को ग्राम सहदौरा, थाना पुलभट्टा निवासी शमशेर पुत्र रहीश अहमद ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी मुलाकात मो. अलीम से हुई थी। आरोपी ने उनके पुत्र को वीजा और वर्क परमिट के माध्यम से विदेश में नौकरी दिलाने का आश्वासन दिया था।
शिकायतकर्ता के अनुसार, उन्होंने अपने पुत्र की कंप्यूटर डिप्लोमा की अंकतालिका, पासपोर्ट और 20 हजार रुपये आरोपी को दिए थे। आरोप है कि इसके बावजूद न तो उनके पुत्र को विदेश में नौकरी के लिए भेजा गया और न ही वीजा, परमिट व शैक्षणिक दस्तावेज वापस किए गए।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और उत्प्रवास अधिनियम की धारा 10/24 के तहत मुकदमा दर्ज किया। विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने आरोपी मो. अलीम को उसके कार्यालय जेड ग्लोबल कैरियर इमिग्रेशन सर्विस, चार साहिबजादे चौक, आवास विकास, रुद्रपुर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने कार्यालय और संबंधित दस्तावेजों को सील कर दिया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मो. अलीम पुत्र जमील अहमद, निवासी प्रीत बिहार, रुद्रपुर, जनपद ऊधमसिंह नगर, उम्र 29 वर्ष के रूप में हुई है।
पुलिस टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक मुकेश मिश्रा और हेड कांस्टेबल मनोज बोरा शामिल रहे। ऊधमसिंह नगर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि विदेश में नौकरी के लिए किसी व्यक्ति या इमिग्रेशन एजेंसी को धनराशि देने से पहले उसकी विश्वसनीयता और आवश्यक पंजीकरण की जांच अवश्य करें। धोखाधड़ी होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।


