डेढ़ साल से लापता युवती सहारनपुर से सकुशल बरामद, परिजनों से मिलाया

पौड़ी । कोटद्वार पुलिस ने लगातार प्रयासों के बाद डेढ़ वर्ष से अधिक समय से लापता 24 वर्षीय युवती को सहारनपुर रेलवे स्टेशन क्षेत्र से सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी गढ़वाल सर्वेश पंवार के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई से परिजनों को राहत मिली है।
पुलिस के अनुसार, 20 जनवरी 2025 को कोटद्वार निवासी एक महिला ने कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी 24 वर्षीय पुत्री 14 जनवरी 2025 को घर से बिना बताए कहीं चली गई थी और वापस नहीं लौटी। इस संबंध में गुमशुदगी क्रमांक 02/2025 दर्ज कर युवती की तलाश शुरू की गई।
पुलिस ने युवती की तलाश के लिए लगातार प्रयास किए। जिला अपराध अभिलेख ब्यूरो (डीसीआरबी) और मानव तस्करी निरोधक इकाई (एएचटीयू) के माध्यम से जानकारी साझा करने, पंपलेट प्रसारित करने और विभिन्न स्थानों पर तलाश करने के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया। बाद में इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 140(3) के तहत मुकदमा संख्या 78/2025 दर्ज कर तलाश तेज की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार मनोज कुमार ठाकुर के निर्देशन तथा पुलिस उपाधीक्षक अस्मिता ममगाईं के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली कोटद्वार के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने लगातार सुरागरसी-पतारसी और संभावित स्थानों पर दबिश देकर युवती की तलाश जारी रखी।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर 24 अक्टूबर 2026 को युवती को सहारनपुर रेलवे स्टेशन क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया गया। पूछताछ में युवती ने बताया कि सहारनपुर निवासी एक युवक से प्रेम संबंध होने के कारण वह घर से बिना बताए चली गई थी। उसने युवक से विवाह कर लिया था और उसके परिवार के साथ रह रही थी।
पुलिस ने आवश्यक वैधानिक कार्रवाई और परामर्श की प्रक्रिया पूरी करने के बाद युवती को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
युवती की बरामदगी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक राजा राम डोभाल, हेड कांस्टेबल देवेंद्र भट्ट, कांस्टेबल रविंद्र भट्ट और महिला कांस्टेबल नेहा रावत शामिल रहे।


