आर्मी ऑफिसर बनकर बस बुकिंग के नाम पर ठगी, पौड़ी पुलिस ने दो साइबर ठगों को मध्य प्रदेश से दबोचा
पौड़ी।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी लोकेश्वर सिंह के निर्देशन में साइबर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत कोटद्वार पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है।
कोटद्वार निवासी अर्जुन सिंह रावत ने शिकायत दर्ज कराई थी कि एक अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें व्हाट्सएप कॉल कर अपने आप को आर्मी का कर्नल बताते हुए सेना के जवानों के लिए बस बुक कराने के नाम पर 1.94 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी की।
शिकायत के आधार पर कोतवाली कोटद्वार में मामला दर्ज कर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए। अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार चंद्रमोहन सिंह और क्षेत्राधिकारी ऑपरेशन तुषार बोरा के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक रमेश सिंह तनवार के नेतृत्व में एक पुलिस टीम का गठन किया गया।
विवेचना के दौरान पुलिस टीम द्वारा जिन खातों में रकम ट्रांसफर की गई थी, उन खाताधारकों की जानकारी जुटाई गई और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दो अभियुक्तों की पहचान की गई। इसके बाद टीम द्वारा मध्य प्रदेश में कुशल सुरागरसी और सर्विलांस की मदद से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों में अंकित पुत्र जालम सिंह निवासी ग्राम आर्या, थाना बागली, जिला देवास, मध्य प्रदेश और संदीप जामले पुत्र इंदर सिंह जामले निवासी ग्राम नीमगोया छतरपुरा, थाना बागली, जिला देवास, मध्य प्रदेश शामिल हैं। दोनों को ट्रांजिट रिमांड पर कोटद्वार लाकर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

