लाखामंडल में डीएम सविन का जन संवाद शिविर, 76 शिकायतों का मौके पर निस्तारण
देहरादून। मुख्यमंत्री के ‘दुर्गम प्रथम’ संकल्प को आगे बढ़ाते हुए* जिलाधिकारी सविन बंसल ने बुधवार को दूरस्थ क्षेत्र लाखामंडल के अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज में बहुउद्देशीय जन संवाद शिविर का आयोजन किया। शिविर में ग्रामीणों की 76 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें अधिकांश का मौके पर ही समाधान कर दिया गया।
शिविर में 591 लोगों की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, 15 आयुष्मान कार्ड और 1 दिव्यांग प्रमाण पत्र बनाए गए। साथ ही कृषि विभाग के लाभार्थियों को ₹3.04 लाख के चेक वितरित किए गए। समाज कल्याण, आयुष, राजस्व, पंचायतीराज, श्रम, पूर्ति, बाल विकास, सेवायोजन सहित विभिन्न विभागों ने अपनी योजनाओं की जानकारी दी और मौके पर लाभ भी प्रदान किए।
ग्रामीणों ने सड़क, पेयजल, विद्युत, सिंचाई, मुआवजा, बस सेवा और बीज केंद्र की मांगें रखीं। डीएम ने कई मामलों में मौके पर संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए, जैसे कुन्ना डाटा मोटर मार्ग क्षति और पीतांबर दत्त के मुआवजे प्रकरण पर 10 दिन में जॉइंट रिपोर्ट देने को कहा।
शिविर में वृद्धों, महिलाओं और दिव्यांगजनों की समस्याओं को प्राथमिकता दी गई। डीएम ने कहा कि “सरकार जनता के द्वार” का उद्देश्य अंतिम छोर तक योजनाओं का लाभ पहुँचाना है और जन विश्वास को बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है।
शिविर में जनजाति सलाहकार परिषद के उपाध्यक्ष गीताराम गौढ, सीडीओ अभिनव शाह, संयुक्त मजिस्ट्रेट हर्षिता सिंह, एसडीएम सोहन सिंह रांगड सहित अनेक अधिकारी व बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

