80वें स्वतंत्रता दिवस पर उत्तराखंड में होंगे भव्य आयोजन, मुख्य सचिव ने दिए जनभागीदारी बढ़ाने के निर्देश

देहरादून। मुख्य सचिव श्री आनन्द बर्द्धन की अध्यक्षता में सचिवालय में 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में उन्होंने निर्देश दिए कि इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस को पूरे प्रदेश में भव्य और जनभागीदारी आधारित स्वरूप में मनाया जाए।
मुख्य सचिव ने राज्य एवं जिला स्तर पर खेल प्रतियोगिताएं, रक्तदान शिविर, वृक्षारोपण अभियान, जल संरक्षण कार्यक्रम, हाई एल्टीट्यूड साहसिक गतिविधियां, मैराथन, साइकिल, बाइक और कार रैली जैसे विशेष आयोजनों के निर्देश दिए। उन्होंने प्रमुख शहरों के महत्वपूर्ण स्थलों पर पुलिस, सेना, अर्द्धसैनिक बल और एनसीसी बैंड द्वारा देशभक्ति से ओत-प्रोत संगीतमय प्रस्तुतियां आयोजित करने पर भी जोर दिया।
महानिदेशक सूचना श्री बंशीधर तिवारी ने बताया कि 15 अगस्त को सुबह 10 बजे मुख्यमंत्री परेड ग्राउंड, देहरादून में ध्वजारोहण करेंगे। मुख्य सचिव सचिवालय में सुबह 9 बजे ध्वजारोहण करेंगे, जबकि देहरादून को छोड़कर अन्य सभी जिलाधिकारी कार्यालयों में सुबह 9:30 बजे ध्वजारोहण होगा। देहरादून स्थित सभी सरकारी एवं गैर-सरकारी कार्यालयों में सुबह 9 बजे विभागाध्यक्ष एवं कार्यालयाध्यक्ष राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे।
उन्होंने बताया कि 14 अगस्त को शाम 6 बजे से रात 9 बजे तक तथा 15 अगस्त को सुबह 6 बजे से 11 बजे तक प्रदेश के प्रमुख चौराहों पर लाउडस्पीकर के माध्यम से देशभक्ति गीत प्रसारित किए जाएंगे। 14 अगस्त को प्रदेश मुख्यालय में कवि सम्मेलन एवं मुशायरे का आयोजन भी होगा। साथ ही सरकारी भवनों एवं ऐतिहासिक इमारतों को एलईडी रोशनी से सजाया जाएगा।
प्रदेश के सभी शिक्षण संस्थानों में 15 अगस्त की सुबह 7 बजे प्रभात फेरी निकाली जाएगी। इसके बाद ध्वजारोहण, राष्ट्रगान, खेलकूद प्रतियोगिताएं, विचार गोष्ठी, प्रदर्शनी, वाद-विवाद, निबंध प्रतियोगिता तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
बैठक में प्रमुख सचिव एल. फैन्नई, विशेष प्रमुख सचिव अमित सिन्हा, सचिव शैलेश बगौली, डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम, बृजेश कुमार संत, विनय शंकर पाण्डेय, विनोद कुमार सुमन, युगल किशोर पंत, रणवीर सिंह चौहान तथा जिलाधिकारी देहरादून आशीष चौहान सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

