भारी बारिश का अलर्ट: देहरादून, नैनीताल और पौड़ी में 10 जुलाई को कक्षा 1 से 12 तक के सभी स्कूल व आंगनबाड़ी केंद्र बंद

देहरादून। मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी), देहरादून द्वारा 10 जुलाई के लिए जारी भारी वर्षा के पूर्वानुमान और रेड/ऑरेंज अलर्ट के मद्देनजर उत्तराखंड के देहरादून, नैनीताल और पौड़ी गढ़वाल जनपदों में एहतियातन सभी विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है।
जिला प्रशासन द्वारा जारी आदेशों के अनुसार देहरादून और नैनीताल में कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी, अशासकीय एवं निजी विद्यालयों तथा सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में 10 जुलाई (शुक्रवार) को अवकाश रहेगा। वहीं पौड़ी गढ़वाल में भी मौसम विभाग द्वारा जारी ऑरेंज अलर्ट को देखते हुए कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी, अशासकीय एवं निजी विद्यालयों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को आदेशों का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही अभिभावकों और आम नागरिकों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने तथा प्रशासन और मौसम विभाग द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करने की अपील की गई है।

