उत्तराखण्ड स्थापना दिवस समारोह के मुख्य अतिथि होंगे गृह मंत्री अमित शाह,6 नवम्बर को परेड ग्राउंड में होगा भव्य आयोजन

देहरादून। उत्तराखण्ड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आगामी 6 नवम्बर को राजधानी देहरादून के परेड ग्राउंड में भव्य एवं गरिमामय समारोह आयोजित किया जाएगा। समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को संबोधित करेंगे।
समारोह की तैयारियों का जायजा लेने के लिए मंगलवार को मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ परेड ग्राउंड का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को आयोजन से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने तथा समारोह में महिलाओं, किसानों, पूर्व सैनिकों, राज्य आंदोलनकारियों और श्रमिकों सहित समाज के सभी वर्गों की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने केंद्रीय गृह मंत्री के आगमन को देखते हुए सुरक्षा एवं प्रोटोकॉल की व्यवस्थाएं समय से पूरी करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने मुख्य पंडाल, बैठने की व्यवस्था, ध्वनि प्रणाली, निर्बाध विद्युत आपूर्ति और पार्किंग प्रबंधन को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि आयोजन में आने वाले लोगों की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा सचिव विनय शंकर पांडेय, सूचना सचिव शैलेश बगौली, गढ़वाल मंडल आयुक्त आनन्द स्वरूप, पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल राजीव स्वरूप, सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी, जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह सहित अनेक वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।


