राज्य स्थापना दिवस की श्रृंखला में काशी विश्वनाथ मंदिर में आयुर्वेदिक चिकित्सा शिविर, 273 लोगों ने कराया स्वास्थ्य परीक्षण
उत्तरकाशी। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत जिला आयुर्वेद विभाग की ओर से बुधवार को श्री काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर में वृहद निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ मंदिर के महंत श्री अजय पुरी एवं जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. रतनमणि भट्ट ने संयुक्त रूप से किया।
शिविर में कुल 273 लोगों ने पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। इस दौरान लोगों को निःशुल्क चिकित्सा परामर्श देने के साथ ही रक्तचाप एवं मधुमेह की जांच की गई। लाभार्थियों का क्यूआर कोड के माध्यम से प्रकृति परीक्षण भी किया गया।
प्रकृति परीक्षण के आधार पर लोगों को उनकी शारीरिक प्रकृति के अनुरूप औषधियां वितरित की गईं। साथ ही स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए आयुर्वेदिक आहार-विहार, योग और दिनचर्या से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।
शिविर में चिकित्सक डॉ. अनुज पुरी, डॉ. वत्सला बहुगुणा पांडेय एवं डॉ. कुलदीप नौटियाल ने लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर चिकित्सा परामर्श दिया। इस अवसर पर श्रीमती प्रीति राणा, श्रीमती प्रतिभा, श्रीमती रचना, श्रीमती विशिला राणा एवं श्री जगमोहन गुसाईं सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।


