रुद्रपुर में 197 लाख की लागत से बनी मृदा परीक्षण प्रयोगशाला का लोकार्पण

रुद्रपुर।कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री तथा जनपद प्रभारी मंत्री श्री गणेश जोशी ने शुक्रवार को ऊधम सिंह नगर में 197 लाख की लागत से निर्मित कृषि विभाग की क्षेत्रीय मृदा परीक्षण प्रयोगशाला एवं कार्यालय का लोकार्पण किया। इस अवसर पर मंत्री ने 15 किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड वितरित किए।
मंत्री जोशी ने कहा कि इस प्रयोगशाला के माध्यम से खेतों की मिट्टी का वैज्ञानिक परीक्षण कर यह जाना जाएगा कि उसमें नाइट्रोजन, फास्फोरस, पोटाश, सल्फर, जिंक, आयरन, कॉपर आदि पोषक तत्वों की मात्रा कितनी है। इस परीक्षण के आधार पर किसानों को उचित खाद के उपयोग की सलाह दी जाएगी, जिससे भूमि की उर्वरता बढ़ेगी और उत्पादन के साथ आय में भी वृद्धि होगी।
उन्होंने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के किसानों की आय दोगुनी करने के लक्ष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। मंत्री ने यह भी बताया कि मोदी सरकार द्वारा 10 करोड़ किसानों को किसान सम्मान निधि के तहत DBT के माध्यम से धनराशि सीधे खातों में भेजी जा रही है।
मंत्री ने किसानों से अपील की कि वे अपनी जमीन की मिट्टी का परीक्षण अवश्य कराएं और इस प्रयोगशाला का लाभ लें।
मुख्य कृषि अधिकारी ने बताया कि अब तक 15 किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड वितरित किए जा चुके हैं, जबकि पिछले वर्ष 11,700 किसानों के कार्ड बनाए गए थे। इस वर्ष 14,800 किसानों के लिए कार्ड बनाने का लक्ष्य रखा गया है।
मेयर विकास शर्मा, भाजपा जिला महामंत्री अमित नारंग, मुख्य विकास अधिकारी मनीष कुमार, अधिशासी अभियंता अमित भारतीय, प्रयोगशाला प्रभारी डॉ. नरेंद्र सिंह सहित अनेक किसान एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

