बेरीनाग स्वास्थ्य शिविर में 2600 से अधिक लोगों को मिला लाभ – विधायक फकीर राम टम्टा ने किया शुभारम्भ
पिथौरागढ़। सेवा पखवाड़े के अंतर्गत शुक्रवार को राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) बेरीनाग में बहुउद्देशीय एवं निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का भव्य आयोजन हुआ। शिविर का शुभारम्भ क्षेत्रीय विधायक फकीर राम टम्टा ने किया।
विधायक ने कहा कि सेवा पखवाड़े के दौरान जनता की जरूरतों को ध्यान में रखकर जनहितकारी कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने हजारों लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। ब्लड टेस्ट, ईसीजी, एक्स-रे, शुगर और टीबी सहित कई जांचें की गईं। दो दर्जन जरूरतमंदों को निःशुल्क कान की मशीनें उपलब्ध कराई गईं और दिव्यांग प्रमाण पत्र बनाए गए।
आयुर्वेदिक और होम्योपैथिक विभाग की ओर से भी परामर्श व जांच सेवाएं दी गईं। कुल मिलाकर 2600 से अधिक लोगों ने इस शिविर से स्वास्थ्य सेवाओं और सरकारी योजनाओं का लाभ उठाया।
समाज कल्याण और सहकारिता विभाग द्वारा पात्र लाभार्थियों को चेक और दिव्यांगजनों को व्हीलचेयर वितरित की गई। शिविर में चार दर्जन से अधिक लोगों ने रक्तदान हेतु पंजीकरण कराया।
इस अवसर पर ब्लाक प्रमुख संगीता, नगरपालिका अध्यक्ष हेमा, जिला पंचायत सदस्य ऋतिक पांडे, एसडीएम यशवीर सिंह, तहसीलदार वतन गुप्ता, जिला विकास अधिकारी रमा गोस्वामी, सीएमओ कार्यालय से डॉ. योगेश शर्मा, खंड विकास अधिकारी ललित मोहन गोस्वामी, एसीएमओ डॉ. प्रशांत कौशिक, प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. सिद्धार्थ पाटनी समेत बड़ी संख्या में चिकित्सक, अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

