चौकी प्रभारी 1 लाख रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
देहरादून। सतर्कता अधिष्ठान सैक्टर देहरादून ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए आईएसबीटी चौकी प्रभारी, थाना पटेलनगर देहरादून उपनिरीक्षक देवेश खुगशाल को 1 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी शिकायतकर्ता द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर की गई, जिसमें चौकी प्रभारी पर भूमि विवाद के एक मामले में नाम हटाने की एवज में 5 लाख रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप लगाया गया था।
शिकायतकर्ता ने सतर्कता अधिष्ठान को बताया कि उसके दोस्त व अन्य तीन लोगों के खिलाफ जावेद नामक व्यक्ति द्वारा बजांरावाला क्षेत्र में भूमि विवाद को लेकर शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिसकी जांच आईएसबीटी चौकी प्रभारी के पास थी। आरोप है कि चौकी प्रभारी ने गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर बंद कराने की धमकी दी और जांच से नाम हटाने के लिए 5 लाख रुपये की मांग की। शिकायतकर्ता और उसके साथियों ने रिश्वत देने से इनकार करते हुए सतर्कता को सूचित किया।
सतर्कता अधिष्ठान द्वारा मामले की गोपनीय जांच की गई, जो प्रथम दृष्टया सही पाई गई। इसके बाद ट्रैप टीम का गठन कर नियमानुसार कार्रवाई की गई और दिनांक 14 मई 2025 को देवेश खुगशाल को 1 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी से पूछताछ जारी है और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज कर अग्रिम जांच की जा रही है।
इस सफल कार्रवाई पर सतर्कता निदेशक डॉ. वी. मुरूगेसन ने ट्रैप टीम को नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।
सतर्कता अधिष्ठान ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी अपने पद का दुरुपयोग करते हुए रिश्वत की मांग करता है या आय से अधिक संपत्ति अर्जित करता है, तो इस संबंध में टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1064 या व्हाट्सएप नंबर 9456592300 पर संपर्क कर निडर होकर सूचना दें और भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान में भागीदार बनें।

