विधानसभा में असभ्य भाषा के लिए पूरे राज्य से माफी मांगे प्रेमचंद अग्रवाल: सूर्यकांत धस्माना

विधानसभा में असभ्य भाषा के लिए पूरे राज्य से माफी मांगे प्रेमचंद अग्रवाल: सूर्यकांत धस्माना
Spread the love

देहरादून। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने प्रदेश के वरिष्ठ मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल के विधानसभा में दिए बयान पर कड़ा एतराज जताया है। उन्होंने कहा कि मंत्री अग्रवाल ने “साले पहाड़ियों” शब्द का इस्तेमाल कर न केवल पहाड़ी जनमानस को आहत किया है, बल्कि उत्तराखंड की साख को भी नुकसान पहुंचाया है। इस असभ्य टिप्पणी के लिए उन्हें पूरे राज्य की जनता से सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए।

अपने कैंप कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत के दौरान धस्माना ने कहा कि आश्चर्यजनक रूप से इस टिप्पणी पर विधानसभा अध्यक्ष की ओर से कोई आपत्ति नहीं जताई गई और न ही मंत्री को कोई चेतावनी दी गई। उन्होंने कहा कि इससे भी अधिक चौंकाने वाली बात यह है कि प्रेमचंद अग्रवाल अब अपने बयान को तोड़-मरोड़कर पेश करने का दावा कर रहे हैं, जबकि उनकी भाषा स्पष्ट रूप से आपत्तिजनक थी।

धस्माना ने भाजपा नेतृत्व की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए कहा कि पार्टी को तत्काल मंत्री को माफी मांगने के लिए कहना चाहिए था। यदि वह ऐसा नहीं करते तो उन्हें मंत्री पद से हटाया जाना चाहिए था। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर प्रदेशभर में गहरा आक्रोश है और भाजपा की चुप्पी जनता के बीच गलत संदेश दे रही है।

देवभूमि खबर

Related articles