केदारनाथ पैदल मार्ग पर मारपीट करने वाले 3 घोड़ा-खच्चर संचालकों पर कार्रवाई, लाइसेंस निरस्तीकरण की संस्तुति
रुद्रप्रयाग।केदारनाथ धाम यात्रा के दौरान पैदल मार्ग पर वायरल हुए मारपीट के वीडियो का रुद्रप्रयाग पुलिस ने तत्काल संज्ञान लेते हुए तीन घोड़ा-खच्चर संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस ने वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया तथा शांति भंग के आरोप में कानूनी कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
रुद्रप्रयाग पुलिस के अनुसार वायरल वीडियो में कुछ घोड़ा-खच्चर संचालक केदारनाथ पैदल मार्ग पर आपस में लाठी-डंडों से मारपीट करते दिखाई दे रहे थे। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी रुद्रप्रयाग ने कोतवाली सोनप्रयाग एवं यात्रा मार्ग पर तैनात पुलिस अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
निर्देशों के क्रम में चौकी गौरीकुंड पुलिस ने पूछताछ और पहचान के आधार पर तीन युवकों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनके घोड़े आपस में टकरा गए थे, जिसके बाद विवाद बढ़ने पर मारपीट हो गई।
पुलिस ने बताया कि इस घटना से यात्रा मार्ग पर मौजूद श्रद्धालुओं में भय का माहौल उत्पन्न हुआ तथा यात्रा व्यवस्था प्रभावित हुई। चौकी गौरीकुंड पुलिस द्वारा तीनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 170 के तहत शांति भंग की कार्रवाई की गई है।
साथ ही भविष्य में ये संचालक केदारनाथ यात्रा में अश्व संचालन न कर सकें, इसके लिए इनके लाइसेंस निरस्तीकरण की रिपोर्ट संबंधित विभाग को भेज दी गई है।
कार्रवाई की जद में आए संचालक:
राकेश कुमार निवासी चमोली
मनीष कुमार निवासी पिथौरागढ़
विजय कुमार निवासी रुद्रप्रयाग
रुद्रप्रयाग पुलिस ने यात्रा से जुड़े सभी व्यवसायियों और संचालकों से अपील की है कि यात्रा अवधि में कानून व्यवस्था बनाए रखें और ऐसा कोई कृत्य न करें जिससे श्रद्धालुओं को परेशानी हो या कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़े।

