HTML tutorial
HTML tutorial

सेवा संकल्प अभियान के तहत सुवाखोली से कृषक रथ रवाना, गांव-गांव पहुंचकर किसानों को योजनाओं की देगा जानकारी

सेवा संकल्प अभियान के तहत सुवाखोली से कृषक रथ रवाना, गांव-गांव पहुंचकर किसानों को योजनाओं की देगा जानकारी
Spread the love

देहरादून। कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने सोमवार को सुवाखोली में सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में कृषक रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने किसानों को कृषि यंत्र और विभिन्न फसलों के उन्नत किस्म के बीज वितरित किए। साथ ही विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को चेक भी प्रदान किए।

कृषक रथ को रवाना करते हुए कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में देश और प्रदेशभर में विभिन्न सेवा कार्य किए जा रहे हैं। पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के संकल्प के अनुरूप समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से विभिन्न स्थानों पर शिविर आयोजित कर पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। सरकार का प्रयास है कि कोई भी पात्र व्यक्ति जनकल्याणकारी योजनाओं से वंचित न रहे।

उन्होंने कहा कि कृषक रथ गांव-गांव जाकर किसानों को सरकार की जनकल्याणकारी और कृषि आधारित योजनाओं की जानकारी देगा, जिससे अधिक से अधिक किसान इनका लाभ उठा सकें। उन्होंने किसानों से केंद्र और राज्य सरकार की कृषि एवं बागवानी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने का आह्वान किया।

कृषि मंत्री ने कहा कि भारत कृषि प्रधान देश है और आज भी देश की 60 से 70 प्रतिशत आबादी गांवों में निवास करते हुए खेती-किसानी से जुड़ी है। ऐसे में किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करना और खेती को अधिक लाभकारी बनाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने और कृषि क्षेत्र को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। प्रदेश में पॉलीहाउस की स्थापना के साथ मिलेट्स, ड्रैगन फ्रूट और कीवी की खेती को बढ़ावा देने के लिए किसानों को अनुदान दिया जा रहा है। एरोमा मिशन के अंतर्गत 91 हजार किसानों को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है, जिससे किसान औषधीय और सुगंधित पौधों की खेती के माध्यम से अपनी आय में अतिरिक्त वृद्धि कर सकें।

गणेश जोशी ने कहा कि प्रदेश के किसान नई तकनीकों और आधुनिक कृषि पद्धतियों को अपनाकर खेती के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित कर रहे हैं। सरकार किसानों के साथ मजबूती से खड़ी है और उनके सर्वांगीण विकास तथा कृषि को आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि कृषि विभाग किसानों को मृदा परीक्षण एवं मृदा स्वास्थ्य प्रबंधन, संतुलित उर्वरक उपयोग, जैविक एवं प्राकृतिक खेती, जल संरक्षण तकनीक, फसल विविधीकरण, समेकित कीट एवं रोग प्रबंधन तथा जलवायु परिवर्तन के अनुरूप कृषि पद्धतियों की जानकारी उपलब्ध करा रहा है। उत्पादन लागत कम करने और उत्पादकता बढ़ाने के लिए किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों के प्रति भी जागरूक किया जा रहा है।

कृषि मंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि किसान केवल पारंपरिक खेती तक सीमित न रहें, बल्कि आधुनिक तकनीक, फसल विविधीकरण और मूल्य संवर्धन को अपनाकर आय के नए स्रोत विकसित करें। योजनाओं का लाभ गांव-गांव और खेत-खलिहान तक पहुंचाकर किसानों को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाना डबल इंजन सरकार का संकल्प है।

इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी, जिला पंचायत सदस्य वीर सिंह चौहान, निदेशक कृषि दिनेश कुमार सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

देवभूमि खबर

Related articles