काठगोदाम आत्महत्या प्रकरण में SIT गठित, निष्पक्ष जांच के निर्देश
देहरादून।जनपद ऊधमसिंह नगर के ग्राम पैगा, थाना आईटीआई निवासी श्री सुखवन्त सिंह द्वारा 10/11 जनवरी 2026 की रात्रि काठगोदाम क्षेत्र में आत्महत्या किए जाने के मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस मुख्यालय ने प्रकरण की गहन, निष्पक्ष एवं पारदर्शी विवेचना के लिए विशेष अन्वेषण दल (SIT) का गठन किया है। यह SIT पुलिस महानिरीक्षक (STF) श्री नीलेश आनन्द भरणे की अध्यक्षता में गठित की गई है।
SIT में पुलिस अधीक्षक चम्पावत श्री अजय गणपति, क्षेत्राधिकारी टनकपुर सुश्री वन्दना वर्मा, निरीक्षक श्री दिवान सिंह बिष्ट तथा उपनिरीक्षक श्री मनीष खत्री को शामिल किया गया है। पुलिस मुख्यालय ने स्पष्ट किया है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की तथ्यपरक जांच करते हुए निष्कर्ष तक पहुंचा जाएगा।

निष्पक्षता सुनिश्चित करने के दृष्टिगत विभागीय स्तर पर त्वरित कार्रवाई करते हुए निलम्बित 03 उपनिरीक्षक, 01 सहायक उपनिरीक्षक, 01 मुख्य आरक्षी एवं 07 आरक्षियों सहित कुल 12 पुलिस कर्मियों को तत्काल प्रभाव से गढ़वाल रेंज के अंतर्गत जनपद चमोली एवं रुद्रप्रयाग स्थानान्तरित कर दिया गया है।
इसके साथ ही पुलिस मुख्यालय ने इस प्रकरण से संबंधित सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो तथा मृतक द्वारा ई-मेल के माध्यम से की गई शिकायत—जिसमें स्थानीय व्यक्तियों एवं जनपद ऊधमसिंह नगर पुलिस के अधिकारियों/कर्मचारियों पर आरोप लगाए गए हैं—उन सभी आरोपों के तथ्यों का विस्तृत परीक्षण कर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई किए जाने के निर्देश भी जारी किए हैं। पुलिस ने दोहराया है कि जांच में किसी भी प्रकार की ढिलाई या पक्षपात नहीं होगा और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुरूप सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

