कांवड़ मेले में बिछड़े दो नाबालिगों को टिहरी पुलिस ने परिजनों से मिलाया, खोया-पाया केंद्र बने सहारा

टिहरी गढ़वाल। कांवड़ मेला-2026 के दौरान टिहरी पुलिस के खोया-पाया केंद्र श्रद्धालुओं के लिए बड़ी राहत साबित हो रहे हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में संचालित इन केंद्रों के माध्यम से नीलकंठ महादेव मंदिर से लौटते समय परिवार से बिछड़े दो नाबालिग बच्चों को सकुशल उनके परिजनों से मिलाया गया।
पुलिस के अनुसार, उत्तर प्रदेश के मेरठ (बहादुरपुर) निवासी 16 वर्षीय और 14 वर्षीय दो बालक दर्शन कर लौटते समय अपने परिवार से बिछड़ गए थे। सूचना मिलते ही ड्यूटी पर तैनात टिहरी पुलिस ने दोनों बच्चों को सुरक्षित संरक्षण में लेकर उनके परिजनों की तलाश शुरू की।
पुलिस टीम ने सार्वजनिक उद्घोषणा और अन्य उपलब्ध माध्यमों से बच्चों की माता से संपर्क स्थापित किया। आवश्यक सत्यापन के बाद दोनों नाबालिगों को सकुशल उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
अपने बच्चों को सुरक्षित पाकर परिजनों ने टिहरी पुलिस की त्वरित कार्रवाई, संवेदनशीलता और मानवीय व्यवहार की सराहना करते हुए पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।
टिहरी पुलिस ने कांवड़ यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान अपने बच्चों का विशेष ध्यान रखें। यदि कोई बच्चा या व्यक्ति परिजनों से बिछड़ जाए तो घबराने के बजाय तुरंत निकटतम पुलिस सहायता केंद्र या खोया-पाया केंद्र से संपर्क करें। पुलिस ने भरोसा दिलाया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सहायता और सेवा के लिए वह हर समय तत्पर है।

