मुख्यमंत्री ने नंदा गौरा योजना के 40 हजार 504 लाभार्थियों को 1.72 अरब रुपये की धनराशि डीबीटी के माध्यम से की वितरित
देहरादून।मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय से डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से नंदा गौरा योजना के 40 हजार 504 लाभार्थियों को वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए 1 अरब 72 करोड़ 44 लाख 04 हजार रुपये की धनराशि का वितरण किया। इस योजना के तहत पिछले पांच वर्षों में 2 लाख 84 हजार 559 लाभार्थियों को कुल 9 अरब 68 करोड़ 64 लाख 51 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है।
नंदा गौरा योजना के अंतर्गत उत्तराखंड में कन्या के जन्म पर 11 हजार रुपये और 12वीं उत्तीर्ण करने पर 51 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। वित्तीय वर्ष 2024-25 में जन्म लेने वाली 8,616 बालिकाओं को 9 करोड़ 81 लाख 16 हजार रुपये तथा 12वीं पास करने वाली 31,888 बालिकाओं को 1 अरब 62 करोड़ 62 लाख 88 हजार रुपये की धनराशि डीबीटी के माध्यम से स्थानांतरित की गई।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” अभियान के तहत राज्य सरकार कई योजनाएं चला रही है, जिनमें नंदा गौरा योजना, बालिका शिक्षा प्रोत्साहन योजना और मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट योजना शामिल हैं। इन योजनाओं से गरीब परिवारों की बालिकाओं को शिक्षा और आत्मनिर्भरता के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री श्रीमती रेखा आर्या, सचिव श्री चंद्रेश कुमार यादव, निदेशक महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास श्री प्रशांत आर्य सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


