क्लेमनटाउन में 265 ग्राम हेरोइन के साथ तीन नशा तस्कर गिरफ्तार

देहरादून। मुख्यमंत्री के ‘ड्रग्स फ्री देवभूमि’ अभियान के तहत एसटीएफ/एएनटीएफ ने बड़ी कार्रवाई करते हुए क्लेमनटाउन क्षेत्र में 265 ग्राम हेरोइन के साथ तीन शातिर नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद हेरोइन वाणिज्यिक मात्रा की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 50 लाख रुपये आंकी गई है। तस्करी में प्रयुक्त बोलेरो कैंपर वाहन को भी पुलिस ने कब्जे में लिया है।
पुलिस महानिदेशक उत्तराखंड श्री दीपम सेठ के निर्देशों के क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ ने युवाओं एवं स्कूल-कॉलेजों में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई के लिए एसटीएफ/एएनटीएफ की सभी इकाइयों को निर्देशित किया है। इसी क्रम में टीम ने तकनीकी एवं मैनुअल इनपुट विकसित करते हुए सटीक सूचना पर थाना क्लेमनटाउन पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई की।
संयुक्त टीम ने क्लेमनटाउन क्षेत्र में बोलेरो कैंपर वाहन से तीन व्यक्तियों को 265 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया। पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे नशे के आदी युवाओं और स्कूली छात्रों को हेरोइन की सप्लाई करने के उद्देश्य से देहरादून पहुंचे थे। पूछताछ में ऋषिकेश के साथ ही देहरादून के राजपुर, प्रेमनगर और क्लेमनटाउन क्षेत्र में पूर्व में मादक पदार्थों की सप्लाई किए जाने की जानकारी भी सामने आई है।
बरामद हेरोइन के संबंध में थाना क्लेमनटाउन में अभियुक्तों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। मादक पदार्थों के परिवहन में प्रयुक्त बोलेरो कैंपर वाहन को भी कब्जे में लिया गया है। एसटीएफ द्वारा अभियुक्तों के आगे और पीछे के नेटवर्क के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ ने बताया कि देहरादून में युवाओं और स्कूल-कॉलेजों के आसपास मादक पदार्थों की सप्लाई करने वाले नेटवर्क के विरुद्ध एसटीएफ/एएनटीएफ लगातार कार्रवाई कर रही है। क्लेमनटाउन क्षेत्र में की गई कार्रवाई के दौरान तीन अभियुक्तों को वाणिज्यिक मात्रा में हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया गया है। अभियुक्तों से पूछताछ के आधार पर मादक पदार्थों की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। नशा तस्करों और उनके नेटवर्क के विरुद्ध कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
गिरफ्तार अभियुक्तों में नावेद अली पुत्र याकूब अली, साहिब अली पुत्र यासीन अली और मुकर्रम मलिक पुत्र फारुख मलिक, सभी निवासी हकीमपुर तुर्रा, थाना कलियर, जनपद हरिद्वार शामिल हैं।
पुलिस टीम में एसटीएफ/एएनटीएफ से निरीक्षक यादविंदर सिंह बाजवा, उपनिरीक्षक कमाल हसन, अपर उपनिरीक्षक योगेन्द्र चौहान, हेड कांस्टेबल देशराज, हेड कांस्टेबल संदेश, कांस्टेबल दीपक चन्दोला और कांस्टेबल दीपक नेगी शामिल रहे। थाना क्लेमनटाउन पुलिस टीम में उपनिरीक्षक विवेक भंडारी और कांस्टेबल सागर राई शामिल रहे।
