उत्तराखंड सरकार के तीन वर्ष पूर्ण, मुख्यमंत्री ने किए बड़े ऐलान
देहरादून।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को सर्वे स्टेडियम, देहरादून में राज्य सरकार के सेवा, सुशासन और विकास के तीन साल पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने हाथीबड़कला से स्टेडियम तक भव्य रोड शो में हिस्सा लिया और बहुउद्देशीय शिविर का अवलोकन किया। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शहरों में देवभूमि सिल्वर जुबली पार्क का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों को क्रेडिट कार्ड लिंकेज के चेक, महालक्ष्मी किट और कृषि यंत्र भी वितरित किए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के समग्र विकास के लिए सड़कों, रेल और हवाई सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना जल्द पूरी होगी, जिससे पहाड़ों में रेल का सपना साकार होगा। उड़ान योजना के तहत देहरादून, अल्मोड़ा, उत्तरकाशी, गौचर और पिथौरागढ़ सहित 12 शहरों के लिए हेली सेवाएँ शुरू की गई हैं, जिससे राज्य की एयर कनेक्टिविटी मजबूत हुई है।
उन्होंने बताया कि दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का निर्माण तेजी से हो रहा है और रिस्पना-बिंदाल नदियों पर फोरलेन एलिवेटेड रोड की योजना बनाई जा रही है। देहरादून में 1400 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाएं चल रही हैं, जिनमें स्मार्ट स्कूलों की स्थापना और लैंसडाउन चौक पर 650 पाठकों की क्षमता वाली अत्याधुनिक लाइब्रेरी शामिल है। पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए शहर में 30 इलेक्ट्रिक बसें चलाई जा रही हैं और 11 स्थानों पर इलेक्ट्रिक चार्जिंग स्टेशन बनाए गए हैं।
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएँ देश में नजीर बन गई हैं। इन योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने के लिए जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं और आवेदन प्रक्रिया को पूरी तरह ऑनलाइन किया गया है, जिससे लोग घर बैठे योजनाओं का लाभ उठा सकें।
सरकार के तीन वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में देहरादून सहित पूरे प्रदेश में जनपद, विधानसभा और ब्लॉक स्तर पर बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों में विभिन्न योजनाओं की जानकारी, आवेदन और निस्तारण की प्रक्रिया एक ही स्थान पर पूरी की जा रही है।
इस अवसर पर मेयर सौरभ थपलियाल, दर्जाधारी राज्य मंत्री डॉ. देवेंद्र भसीन, कैलाश पंत, मसूरी नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी, भाजपा महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल, भाजपा युवा मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नेहा जोशी सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

