जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने जरूरतमंदों को ठंड से बचाव के लिए गर्म कम्बल एवं मास्क वितरित किए
विनीत कंसवाल, उत्तरकाशी* उत्तरकाशी ।जनपद में मौसम बदलते ही तापमान गिरने लगा है। बीती रात से बारिश व ऊँचाई वाले इलाकों में हिमपात होने से रात में भी ठंड अधिक बढ़ गई है।
शनिवार देर सांय जिलाधिकारी श्री मयूर दीक्षित ने नगर क्षेत्र में मुख्य बाजार, केदारघाट, हनुमान चौक, बस अड्डा, सब्जी मंडी,विश्वनाथ मंदिर में राहगीरों व रैनबसेरों,शेल्टरों में रात गुजारने वाले तथा जरूरतमंदों को ठंड से बचाव के लिए गर्म कम्बल एवं मास्क वितरित किए।
व्हील चीयर पर दिव्यांग राहगीर को देखते ही जिलाधिकारी ने उन्हें गर्म कम्बल दिया साथ ही दिव्यांग को तीन पहिये वाली साईकल देने के निर्देश जिला समाज कल्याण अधिकारी को दिए। इस दौरान बिना मास्क के घुम रहे लोगों को मास्क भी वितरित किए गए।
जिलाधिकारी ने मेडिकल स्टोरों का निरीक्षण करते हुए दैनिक रूप से विक्री होने वाली दवाओं का रजिस्टर भी चेक किया। जिलाधिकारी ने मेडिकल स्टोर विक्रेताओं को परस्पर रजिस्टर मेंटेन करने के सख्त निर्देश दिए। ताकि कोरोना के दृष्टिगतएसएआरआई,आईएलआईके मरीजों का भी चिन्हीकरण हो सके तथा ऐसे रोगियों की सूचना तत्काल स्वास्थ्य महकमें व जिला प्रशासन को देने के निर्देश दवा विक्रेताओं को दिए।
जिलाधिकारी ने जनसामान्य से अपील की है कि जब भी अति आवश्यक कार्य अथवा सामान के लिए बाजार की ओर निकले तो मास्क अनिवार्य रूप से पहने। बिना मास्क के बाजार आदि स्थानों में कतई भी न जाएं।
जिलाधिकारी ने सभी नोडल अधिकारियों,नगर पालिका,व समस्त उप जिलाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में अलाव,शेल्टर व रैनबसेरों में ठंड से बचने हेतु पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए है। साथ ही रविवार को बाजार को सेन्टाइज करने के भी निर्देश दिए।
इस दौरान उप जिलाधिकारी आकाश जोशी,जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल भी मौजूद थे।

