124वां श्री नन्दा-सुनन्दा देवी महोत्सव 16 से 23 सितंबर तक, धार्मिक-सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रहेगी धूम
रिपोर्ट: ललित जोशी
नैनीताल। सरोवर नगरी में 124वां श्री नन्दा-सुनन्दा देवी महोत्सव 16 से 23 सितंबर तक श्री राम सेवक सभा के तत्वावधान में आयोजित किया जाएगा। महोत्सव को लेकर व्यापक स्तर पर तैयारियां चल रही हैं। महोत्सव के दौरान विभिन्न धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
नगर पालिका के पूर्व चेयरमैन एवं श्री राम सेवक सभा के पूर्व अध्यक्ष मुकेश जोशी ने मीडिया को महोत्सव की तैयारियों और कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि 16 सितंबर को महोत्सव का विधिवत उद्घाटन किया जाएगा। इसी दिन कदली वृक्ष लेने के लिए श्रद्धालुओं का दल मंगोली रवाना होगा।
17 सितंबर को कदली वृक्ष का सूखाताल और तल्लीताल स्थित वैष्णव देवी मंदिर में स्वागत एवं पूजन किया जाएगा। इसके बाद विशाल जुलूस के साथ कदली वृक्ष का नगर भ्रमण कराया जाएगा। 18 सितंबर को देवी प्रतिमाओं के निर्माण का कार्य शुरू होगा। इसी दिन दोपहर में स्कूली बच्चों की प्रश्नोत्तरी और लोकगीत प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।
19 सितंबर को नन्दा अष्टमी के अवसर पर ब्रह्म मुहूर्त में देवी प्रतिमाओं की प्राण-प्रतिष्ठा के बाद मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे और विधिवत पूजा-अर्चना शुरू होगी। महोत्सव के दौरान 19 से 22 सितंबर तक प्रतिदिन शाम 6:30 बजे पंचआरती, प्रसाद वितरण, देवी पूजन और देवी भोग के साथ राम सेवक सभा प्रांगण एवं तल्लीताल डांट पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
20 सितंबर को नवमी के अवसर पर दुर्गा सप्तशती पाठ, हवन और कन्या पूजन किया जाएगा। 21 सितंबर को डीएसए मैदान में दोपहर एक बजे से महाभंडारे का आयोजन होगा। 22 सितंबर को सुंदरकांड पाठ और नन्दा चालीसा का आयोजन किया जाएगा। इसी दिन शाम सात बजे नैनी झील में दीपदान कार्यक्रम होगा।
महोत्सव के अंतिम दिन 23 सितंबर को देवी पूजन के बाद दोपहर 12 बजे नगर भ्रमण के लिए भव्य डोला निकाला जाएगा। इसके बाद शाम को ठंडी सड़क स्थित पाषाण देवी मंदिर के समीप देवी प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाएगा।
इस वर्ष महोत्सव में स्कूली बच्चों की झांकी, छोलिया दलों और स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुतियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी। इसके साथ ही स्थानीय महिलाओं की ओर से प्रस्तुत किया जाने वाला पारंपरिक ‘झोड़ा’ भी महोत्सव का प्रमुख आकर्षण रहेगा।
महोत्सव की तैयारियों को लेकर आयोजित कार्यक्रम में श्री राम सेवक सभा के अध्यक्ष मनोज साह, महासचिव जगदीश बवाड़ी, उपाध्यक्ष अशोक साह, प्रबंधक विमल चौधरी, डॉ. ललित तिवारी, नगर पालिका के नामित सदस्य आनंद सिंह बिष्ट, भीम सिंह कार्की, राजेंद्र लाल साह, कमलेश ढौंडियाल, मोहित साह, देवेंद्र लाल साह, भुवन बिष्ट, हरीश राणा सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
