अपहरण की साजिश नाकाम, पौड़ी पुलिस ने हिमाचल से सकुशल बरामद की नाबालिग बालिका, महिला गिरफ्तार

Spread the love

पौड़ी। पौड़ी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बहला-फुसलाकर ले जाई गई एक नाबालिग बालिका को हिमाचल प्रदेश से सकुशल बरामद कर लिया है। इस मामले में नेपाली मूल की महिला हिमानी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस की तत्परता से मासूम बालिका सुरक्षित अपने परिजनों तक पहुंच सकी।
जानकारी के अनुसार, 8 जून 2026 को लैन्सडाउन निवासी एक व्यक्ति ने कोतवाली लैन्सडाउन में शिकायत दर्ज कराई कि उसकी नाबालिग पुत्री को एक नेपाली मूल की महिला बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मु.अ.सं. 08/2026 के तहत धारा 96 एवं 137(2) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक रमेश तनवर के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, सर्विलांस और लगातार पतारसी-सुरागरसी के जरिए मामले की गहन जांच की।
जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिसके आधार पर हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी स्थित थाना सरकाघाट क्षेत्र के ग्राम बैरी से नेपाली मूल की महिला हिमानी को गिरफ्तार कर लिया गया। साथ ही अपहृत नाबालिग बालिका को भी सकुशल बरामद कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्ता को न्यायालय में पेश कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों ने बताया कि नाबालिगों की सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी और ऐसे अपराधों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

देवभूमि खबर

Related articles