वाहन दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए जागरूकता अभियान जरूरी :अभिषेक रुहेला
उत्तरकाशी। जिलाधिकारी श्री अभिषेक रूहेला ने एनआईसी कक्ष में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक लेते हुए कहा कि वाहन दुर्घटनाओं में अंकुश लगाने के लिए जन सहभागिता के साथ छोटे-छोटे जनजागरूकता अभियान चलाने एवं अभिनव प्रयास की सार्थक पहल करना बेहद जरूरी है। ताकि वाहन दुर्घटनाओं को कम करने एवं उनके उपायों को लेकर ठोस कार्ययोजना बनाई जा सकें। वाहन दुर्घटनाओं का मुख्य कारण तेज रफ्तार से वाहन चलाना, वाहन चालक द्वारा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग करना, ओवरलोडिंग करना, शराब के नशे में वाहन का संचालन करना है l इस हेतु सम्बन्धित विभागीय अधिकारी समय-समय सड़क सुरक्षा अभियान चलाकर अवश्यक कार्यवाही करना सुनिश्चित करें l
जिलाधिकारी ने जनपद में वाहन दुर्घटनाओं एवं सुरक्षित यातायात के दृष्टिगत वाहन दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाए जाने हेतु परिवहन विभाग को निर्देश दिए प्रत्येक सप्ताह जनपद के विभिन्न तहसील क्षेत्रांन्तर्गत स्कूलों, महाविद्यालयों, पुलिस चौकियों, थानों आदि में सड़क सुरक्षा जागरूकता का विशेष आयोजन करायें जिसमें टेक्सी, बस, ट्रक, यूनियन के पदाधिकारी, नवीन डीएल लाइसेंसधारी आदि को आमंत्रित करें व सड़क सुरक्षा से संबधी विषयों पर महत्वपूर्ण जानकारी साझा करें l उन्होंने सम्भागीय परिवहन अधिकारी को यह भी निर्देश दिए कि विभिन्न तहसील क्षेत्रांन्तर्गत सयुंक्त वाहन चेकिंग व जागरूकता अभियान की रिपोर्ट आख्या प्रस्तुत भी करें l
जिलाधिकारी ने कहा कि अनाधिकृत रूप से खड़े वाहनों, सड़क मार्ग पर रेत बजरी अन्य निर्माण सामग्री सड़कों के किनारे नालियों पर पड़े मलबे आदि पर संबंधित निर्माण इकाई, नगर पालिका, नगर पंचायत, तत्काल कार्यवाही करना सुनिश्चित करें l जिलाधिकारी ने पुलिस विभाग को निर्देशित करते हुए कहा कि दुर्घटना संवेदनशील स्थानों के विवरण पर की गई कार्यवाही से संबंधित खण्ड से एक सप्ताह के अन्दर रिपोर्ट प्रस्तुत करायेगें l उन्होंने मानसून काल से पहले नालियों, कललट की सफाई, क्रैश बैरियर,साइन बोर्ड,पैराफिट को दुरुस्त करने के निर्देश सम्बन्धित अधिकारियों को दिए। नगरीय क्षेत्रों की सड़कों को गड्ढा मुक्त बनाने के निर्देश सभी ईओ को दिए गए।
बैठक में उप जिलाधिकारी भटवाड़ी चतर सिंह चौहान, पुलिस उपाधीक्षक प्रशांत कुमार, एआरटीओ मुकेश सैनी, नगर पंचायत गंगोत्री, नगरपालिका, एनएच, लोनिवि सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

