HTML tutorial
HTML tutorial

उच्च हिमालय में फंसे ट्रैकर्स के रेस्क्यू के लिए युद्धस्तर पर अभियान जारी, ऑडेन कोल से सभी 29 ट्रैकर्स सुरक्षित निकाले

उच्च हिमालय में फंसे ट्रैकर्स के रेस्क्यू के लिए युद्धस्तर पर अभियान जारी, ऑडेन कोल से सभी 29 ट्रैकर्स सुरक्षित निकाले
Spread the love

उत्तरकाशी। जनपद उत्तरकाशी के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में 26 और 27 सितंबर को हुई अचानक बारिश एवं बर्फबारी के कारण फंसे ट्रैकर्स एवं एक्सपीडिशन दलों को सुरक्षित निकालने के लिए पुलिस, प्रशासन सहित विभिन्न सुरक्षा एवं राहत-बचाव एजेंसियों का संयुक्त रेस्क्यू अभियान युद्धस्तर पर जारी है। दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों और प्रतिकूल मौसम के बावजूद संयुक्त टीमें आपसी समन्वय के साथ लगातार राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं।

जिलाधिकारी उत्तरकाशी प्रशान्त आर्य एवं पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी कमलेश उपाध्याय ने हर्षिल हेलीपैड पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन का जायजा लिया। उन्होंने पुलिस, प्रशासन, सेना, वायुसेना, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ एवं आपदा प्रबंधन की संयुक्त टीमों से बचाव अभियान की विस्तृत जानकारी ली। अधिकारियों ने ट्रैकर्स की वर्तमान स्थिति, मौसम की परिस्थितियों तथा हवाई एवं पैदल रेस्क्यू मार्गों की जानकारी लेते हुए संबंधित टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

रेस्क्यू टीमों ने गंगोत्री के उच्च हिमालयी एवं बर्फबारी प्रभावित ऑडेन कोल क्षेत्र में फंसे सभी 29 ट्रैकर्स को सफलतापूर्वक हेली रेस्क्यू कर लिया है। हर्षिल हेलीपैड पहुंचने के बाद सभी रेस्क्यू किए गए ट्रैकर्स को प्राथमिक उपचार एवं स्वास्थ्य परीक्षण उपलब्ध कराया गया। इसके बाद उन्हें सुरक्षित उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया।

वहीं कालिंदी पास क्षेत्र में फंसे ट्रैकर्स में से अब तक 9 को सुरक्षित रेस्क्यू किया जा चुका है। शेष ट्रैकर्स को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए हेली रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है। दुर्गम एवं बर्फबारी प्रभावित क्षेत्र होने के कारण बचाव दल मौसम और परिस्थितियों का लगातार आकलन करते हुए अभियान संचालित कर रहे हैं।

जिलाधिकारी प्रशान्त आर्य ने हेलीपैड पर राहत एवं बचाव कार्य में जुटे विभागों को निर्देश दिए कि ट्रैकर्स की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। रेस्क्यू के बाद हेलीपैड पहुंचने वाले ट्रैकर्स के लिए पर्याप्त राहत सामग्री, तत्काल प्राथमिक उपचार, गर्म कपड़े, भोजन एवं पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय ने रेस्क्यू अभियान में जुटी सभी टीमों का मनोबल बढ़ाते हुए कहा कि दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों एवं विपरीत मौसम के बावजूद सभी एजेंसियां जिस तत्परता और समन्वय के साथ बचाव कार्य कर रही हैं, वह सराहनीय है। उन्होंने सभी टीमों को आपसी समन्वय बनाए रखते हुए रेस्क्यू अभियान को सुरक्षित और प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उच्च हिमालयी क्षेत्रों में फंसे प्रत्येक ट्रैकर को सुरक्षित बाहर निकालना पुलिस एवं प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

पुलिस, प्रशासन, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, सेना, वायुसेना एवं अन्य राहत-बचाव एजेंसियां पूरी मुस्तैदी के साथ अभियान में जुटी हैं। पुलिस उपाधीक्षक संजय उप्रेती के नेतृत्व में देहरादून से एसडीआरएफ का 15 सदस्यीय विशेष दल भी रेस्क्यू अभियान में सक्रिय रूप से जुटा हुआ है।

देवभूमि खबर

Related articles