नैनीताल में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन, मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका

रिपोर्ट: ललित जोशी
नैनीताल। कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने भारत निर्वाचन आयोग से जुड़े कथित अनियमितताओं के विरोध में नैनीताल में प्रदर्शन किया। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के आह्वान पर आयोजित आंदोलन के तहत कांग्रेस जिलाध्यक्ष राहुल छिमवाल के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने तल्लीताल गांधी चौक पर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया और नारेबाजी की।
इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े अपने आरोपों एवं मांगों को लेकर जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल को ज्ञापन सौंपा।
कांग्रेस नेताओं ने निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि चुनावी प्रक्रिया में अनियमितताएं हुई हैं। पार्टी कार्यकर्ताओं ने इन मामलों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग की। निर्वाचन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार ज्ञानेश कुमार वर्तमान में भारत के मुख्य निर्वाचन आयुक्त हैं और उन्होंने 19 फरवरी 2025 को पदभार संभाला था।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष राहुल छिमवाल ने कहा कि पार्टी लोकतांत्रिक एवं निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता को लेकर अपने स्तर पर आवाज उठाती रहेगी। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और निर्वाचन आयोग के खिलाफ भी नारेबाजी की।
इस अवसर पर कांग्रेस मंडल अध्यक्ष सचिन नेगी, कैलाश अधिकारी, अनुपम कबड़वाल, त्रिभुवन फर्त्याल, सतीश नैनवाल, खष्टी बिष्ट सहित दर्जनों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
