नवरात्रि से पहले पूरे प्रदेश में साफ-सफाई के निर्देश जारी करे धामी सरकार – रक्षा मोर्चा
देहरादून।इं. डीपीएस रावत ने एक प्रेस वार्ता में कहा कि हिंदुओं के नव वर्ष के प्रथम दिवस से पहले धामी सरकार को प्रदेशभर में साफ-सफाई को लेकर ठोस कदम उठाने चाहिए। उन्होंने मांग की कि सभी नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायतों को सफाई कर्मचारियों को सक्रिय करने के निर्देश दिए जाएं, ताकि प्रदेश स्वच्छ रहे। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार अब तक इस दिशा में आवश्यक कदम नहीं उठा रही है।
रावत ने यह भी कहा कि सरकार को जल्द से जल्द खुली सड़कों पर संचालित सभी मीट की दुकानों पर निर्देश जारी करना चाहिए। उन्होंने मांग की कि नवरात्रों के दौरान मांस, मछली की दुकानें, होटल और कैफे में मांसाहारी भोजन पर प्रतिबंध लगाया जाए, जिससे सनातन धर्म और संस्कृति की रक्षा हो सके।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में अवैध रूप से चल रही मीट की दुकानों पर सख्त कार्रवाई की जाए, क्योंकि ये व्यवसाय नदियों को दूषित कर रहे हैं। उनका आरोप था कि चिकन और मछली व्यापारियों की लापरवाही के कारण नदियों में गंदगी बढ़ रही है, जिससे पर्यावरण को नुकसान हो रहा है। उन्होंने सरकार से मांग की कि ऐसे अवैध कारोबारियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि प्रदेश स्वच्छ और सुरक्षित बना रहे।


