HTML tutorial
HTML tutorial

गेस्ट टीचरों का मानदेय 25 हजार से बढ़ाकर 40 हजार करने की मांग, जन संघर्ष मोर्चा ने किया तहसील घेराव

गेस्ट टीचरों का मानदेय 25 हजार से बढ़ाकर 40 हजार करने की मांग, जन संघर्ष मोर्चा ने किया तहसील घेराव
Spread the love

कासनगर। राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में कार्यरत अतिथि शिक्षकों का मानदेय बढ़ाने और उन्हें ग्रीष्मकालीन एवं शीतकालीन अवकाश का वेतन दिए जाने की मांग को लेकर जन संघर्ष मोर्चा ने तहसील विकासनगर में प्रदर्शन कर घेराव किया। मोर्चा अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन उप जिलाधिकारी की अनुपस्थिति में तहसील के नाजिर बिजल्वाण को सौंपा।

इस दौरान रघुनाथ सिंह नेगी ने कहा कि प्रदेश के राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में लगभग 5,000 अतिथि शिक्षक पिछले 10 वर्षों से अधिक समय से सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद उनका भविष्य सुरक्षित नहीं है। इन शिक्षकों को वर्तमान में मात्र 25,000 रुपये मासिक मानदेय दिया जा रहा है, जो आज की महंगाई और आर्थिक परिस्थितियों के लिहाज से पर्याप्त नहीं है।

उन्होंने कहा कि अतिथि शिक्षकों को ग्रीष्मकालीन और शीतकालीन अवकाश के दौरान मानदेय भी नहीं दिया जाता। इसके अलावा उन्हें कर्मचारी भविष्य निधि (ईपीएफ) और कर्मचारी राज्य बीमा (ईएसआई) जैसी बुनियादी सामाजिक सुरक्षा सुविधाओं से भी वंचित रखा गया है। शिक्षा मंत्री द्वारा पूर्व में अतिथि शिक्षकों का मानदेय बढ़ाने के निर्देश दिए जाने के बावजूद अब तक इस दिशा में प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है।

नेगी ने कहा कि कई अतिथि शिक्षक अपने घरों से 200 से 400 किलोमीटर या इससे अधिक दूरी पर स्थित दुर्गम क्षेत्रों के विद्यालयों में सेवाएं दे रहे हैं। उन्हें अपने मानदेय का बड़ा हिस्सा मकान किराये, भोजन और अन्य आवश्यक खर्चों पर ही खर्च करना पड़ता है। ऐसे में परिवार का भरण-पोषण करना उनके लिए चुनौती बन गया है।

उन्होंने सरकार से अतिथि शिक्षकों का मासिक मानदेय न्यूनतम 40,000 रुपये करने, ग्रीष्मकालीन एवं शीतकालीन अवकाश का वेतन देने तथा ईपीएफ और ईएसआई सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की।

प्रदर्शन में मोर्चा महासचिव आकाश पंवार, विजय राम शर्मा, दिलबाग सिंह, मुजीबुर्रहमान सलीम, अमित जैन, हाजी असद गुप्ता, अशोक चंडोक, प्रवीण शर्मा पिन्नी, महेंद्र सिंघल, आशीष सिंह, चेतन रावत, वाहिद कुरैशी, अजीत चौधरी, अकरम सलमानी, भीम सिंह बिष्ट, अशोक गुप्ता, विनय गुप्ता, विनोद जैन, देव सिंह चौधरी, निशा खातून, मनोज राय, गयूर, सुरजीत सिंह, समीम, मनीष नेगी, मामराज, समून, शेर सिंह चौधरी, श्रवण गर्ग, क्रिस्टीना, राघव भल्ला, जसकीरत सिंह, अंकुर चौरसिया, जयपाल सिंह, सलीम मिर्जा और सुनील कुमार सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

देवभूमि खबर

Related articles