शिव एन्क्लेव फायरिंग और तोड़फोड़ का खुलासा, तीन युवक अवैध हथियारों व कारतूसों के साथ गिरफ्तार

रुद्रपुर। कोतवाली ट्रांजिट कैंप पुलिस ने शिव एन्क्लेव, गंगापुर रोड में हुई फायरिंग और वाहनों में तोड़फोड़ की घटना का खुलासा करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक पिस्टल .32 बोर, दो देशी तमंचे .315 बोर और चार जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार तीनों आरोपियों के विरुद्ध पूर्व में भी आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस के मुताबिक 24 सितंबर 2026 की रात शिव एन्क्लेव में फायरिंग एवं वाहनों में तोड़फोड़ की घटना सामने आई थी। मामले में 25 सितंबर को थाना ट्रांजिट कैंप में मुकदमा संख्या 304/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 324(2), 351(2) और 352 में अभियोग पंजीकृत किया गया था। मामले की विवेचना वरिष्ठ उपनिरीक्षक मुकेश मिश्रा को सौंपी गई थी। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रभारी निरीक्षक धर्मवीर सोलंकी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने मुखबिर तंत्र सक्रिय करते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम एफसीआई गोदाम के सामने किच्छा रोड स्थित एक खाली चाय के खोखे के पास पहुंची, जहां तीनों संदिग्ध युवक मौजूद मिले। पुलिस ने घेराबंदी कर बिना भागने का मौका दिए तीनों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नन्दू पुत्र सालिक राम, निवासी नई बस्ती खानपुर, थाना बिलासपुर, जिला रामपुर, उत्तर प्रदेश, उम्र 26 वर्ष; सोहेल पुत्र मोहम्मद उमर, निवासी सिरौली कला, थाना पुलभट्टा, किच्छा, हाल निवासी आजादनगर, ट्रांजिट कैंप, उम्र 21 वर्ष तथा सुमित अधिकारी उर्फ बंगाली पुत्र हरीश चन्द्र अधिकारी, निवासी भदईपुरा, ट्रांजिट कैंप, उम्र 18 वर्ष के रूप में हुई।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि 24 सितंबर की रात उनका दोस्त साजेब उर्फ अरमान शिव एन्क्लेव में एक युवती से मिलने गया था। कॉलोनी के लोगों द्वारा उसे देख लिए जाने के बाद वह वहां से भाग गया, जबकि उसकी कार मौके पर रह गई। इसके बाद समीर मलिक और साजेब उर्फ अरमान के कहने पर आरोपी कार लेने के लिए दोबारा कॉलोनी पहुंचे। आरोपियों के मुताबिक कॉलोनी में भीड़ देखकर उन्होंने हवाई फायरिंग की, जिससे लोग अपने घरों में चले गए। कार के टायरों के नट खुले होने के कारण वे कार नहीं ले जा सके। इसके बाद गुस्से में उन्होंने वहां खड़ी दो गाड़ियों में तलवार से तोड़फोड़ की और फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने नन्दू के कब्जे से एक देशी पिस्टल .32 बोर एवं दो जिंदा कारतूस, सोहेल के कब्जे से एक अवैध तमंचा .315 बोर एवं एक जिंदा कारतूस तथा सुमित अधिकारी उर्फ बंगाली के कब्जे से एक अवैध तमंचा .315 बोर एवं एक जिंदा कारतूस बरामद किया।
पुलिस के अनुसार नन्दू के विरुद्ध वर्ष 2022 और 2023 में हत्या, हत्या के प्रयास, बलवा सहित विभिन्न धाराओं में दो मुकदमे दर्ज हैं। वहीं सोहेल और सुमित अधिकारी के विरुद्ध वर्ष 2026 में भारतीय न्याय संहिता एवं शस्त्र अधिनियम की धाराओं में दो-दो मुकदमे दर्ज हैं।
गिरफ्तार तीनों आरोपियों को वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। एसएसपी अजय गणपति ने फायरिंग एवं अवैध हथियारों के मामलों में संलिप्त लोगों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।
पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक थाना ट्रांजिट कैंप धर्मवीर सोलंकी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक मुकेश मिश्रा, उपनिरीक्षक प्रकाश चन्द्र, उपनिरीक्षक जितेन्द्र खत्री, अपर उपनिरीक्षक चन्द्र प्रकाश बवाड़ी, हेड कांस्टेबल अनिल कुमार एवं कांस्टेबल हिमांशु आर्य शामिल रहे।
