दून पुलिस ने दो नाबालिग अपहृताओं को भारत-नेपाल बॉर्डर से सकुशल किया बरामद
देहरादून।महिला तथा बाल अपराधों के प्रति संवेदनशील दून पुलिस ने दो नाबालिग अपहृताओं को भारत-नेपाल बॉर्डर से सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस ने नाबालिगों को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने वाले एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि विवादित किशोर को संरक्षण में लिया गया है। दोनों नाबालिगों के अपहरण के मामले थाना नेहरू कॉलोनी और थाना क्लेमेंट टाउन में दर्ज थे।
23 मार्च 2025 को वादी नीरज (काल्पनिक नाम) ने थाना नेहरू कॉलोनी में तहरीर दी कि उसकी 14 वर्षीय बहन 22 मार्च को घर से बिना बताए कहीं चली गई और वापस नहीं लौटी। काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला, जिस पर थाना नेहरू कॉलोनी में तत्काल धारा 137(2) भा.न्या.सं. के तहत मामला दर्ज किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर पुलिस टीम का गठन कर नाबालिग की सकुशल बरामदगी के प्रयास शुरू किए गए।
जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि क्लेमेंट टाउन क्षेत्र से भी एक अन्य नाबालिग युवती लापता हुई है। पुलिस टीम ने परिजनों और दोस्तों से जानकारी एकत्र की, घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों का अवलोकन किया और स्थानीय मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। इसके अलावा, सर्विलांस की मदद से भी आवश्यक जानकारियां जुटाई गईं।
लगातार किए जा रहे प्रयासों से पुलिस को जानकारी मिली कि दोनों नाबालिग नेपाल बॉर्डर के पास सनौली कस्बे में दो युवकों के साथ मौजूद हैं। इस सूचना पर पुलिस टीम तत्काल सनौली पहुंची और मैनुअल पुलिसिंग के जरिए दोनों नाबालिगों को 28 मार्च को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने मौके से गगन थापा नामक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक विधि विवादित किशोर को संरक्षण में लिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्त गगन थापा पुत्र धन बहादुर थापा, निवासी कैमरी गाँव, थाना नेहरू कॉलोनी, देहरादून, 19 वर्ष का है। पुलिस टीम में थाना नेहरू कॉलोनी के थानाध्यक्ष उ.नि. संजीत कुमार, चौकी प्रभारी बाईपास उ.नि. प्रवीण सिंह पुंडीर, उ.नि. संदीप कुमार, म.उ.नि. स्मृति रावत, कां. श्रीकांत ध्यानी, कां. बृजमोहन सिंह, म.कां. अनीता पुंडीर, कां. नीरज सामंत, कां. बृजमोहन कनवासी, कां. कमलेश सजवाण, हे.कां. किरण कुमार (एसओजी) और कां. आशीष शर्मा (एसओजी) शामिल रहे।
देहरादून पुलिस ने स्पष्ट किया कि महिला एवं बाल सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई जारी रहेगी।


