महिला सशक्तिकरण की ओर उत्तरकाशी पुलिस का कदम: आत्मरक्षा प्रशिक्षण और कानूनी जागरूकता कार्यशाला आयोजित
उत्तरकाशी।उत्तराखंड पुलिस द्वारा गौरा शक्ति योजना के तहत बालिकाओं और महिलाओं को आत्मरक्षा के तरीके सिखाने और अपराधों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से उत्तरकाशी पुलिस की टीम ने 29 मार्च 2025 को पुलिस लाइन ज्ञानसू, उत्तरकाशी में एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की। इस कार्यशाला में स्कूली छात्राओं, महिला पुलिस कर्मियों और अन्य विभागों की महिला कर्मियों को आत्मरक्षा प्रशिक्षण के साथ-साथ महिला एवं साइबर अपराधों के प्रति सचेत किया गया और उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी दी गई।
कार्यशाला का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी, श्रीमती सरिता डोबाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने बालिकाओं को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण लेने और अपने अधिकारों व कर्तव्यों के प्रति सजग रहने की प्रेरणा दी। उन्होंने पोक्सो एक्ट, शिक्षा की महत्ता और साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने की जानकारी दी, साथ ही साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 की उपयोगिता बताई।
कार्यशाला दो चरणों में संपन्न हुई। पहले चरण में देहरादून से आई कराटे टीम ने छात्राओं और महिला कर्मियों को आत्मरक्षा की तकनीक सिखाई। प्रशिक्षकों ने वार्मअप, फिटनेस ट्रेनिंग, स्ट्रेंथ कंडीशनिंग, स्ट्राइक पॉइंट्स, काउंटर अटैक मूवमेंट्स, ग्रैब्स-कॉलर और शोल्डर से बचाव, पिस्टल थ्रेट से निपटने की तकनीकें और सिचुएशनल अवेयरनेस की ट्रेनिंग दी।
दूसरे चरण में विशेषज्ञों और लीगल एडवाइजर्स ने महिला एवं बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों, साइबर क्राइम, नशे के दुष्प्रभाव और बाल एवं महिला अधिकारों के प्रति जागरूक किया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव, श्रीमती श्वेता राणा चौहान ने कानूनी सेवाओं, बाल श्रम, कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न और सुरक्षित जीवन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी।
उपनिरीक्षक श्रीमती गीता, प्रभारी महिला काउंसलिंग सेल ने छात्राओं और महिलाओं को पोक्सो एक्ट, बाल विवाह, मानव तस्करी और साइबर अपराधों के बारे में जागरूक किया। उन्होंने आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 112 और उत्तराखंड पुलिस ऐप की जानकारी दी और महिलाओं को गौरा शक्ति पर रजिस्ट्रेशन करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यशाला में उपनिरीक्षक जितेंद्र ने यातायात नियमों और उनकी उपयोगिता की जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं और महिला कर्मियों के लिए जलपान की भी व्यवस्था की गई।
इस कार्यशाला में मसीह दिलासा स्कूल, महर्षि विद्या मंदिर, अल्पाइन पब्लिक स्कूल, राजकीय महाविद्यालय उत्तरकाशी की एनसीसी और एनएसएस छात्राओं के साथ-साथ जिलाधिकारी कार्यालय, प्रोबेशन अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी के अधीनस्थ नियुक्त महिला कर्मियों, महिला पुलिस और फायर कर्मियों ने भाग लिया।
कराटे प्रशिक्षण टीम में अंतर्राष्ट्रीय कराटे खिलाड़ी और प्रशिक्षक श्री अरविंद कोटनाला (देहरादून), श्री संजय (कराटे प्रशिक्षक, देहरादून) और सुश्री मधु चौहान (अंतर्राष्ट्रीय कराटे खिलाड़ी एवं प्रशिक्षक, उत्तरकाशी) शामिल रहे।

